

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

construction material price hike cement steel bricks new rates raipur
रायपुर: अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बुरी खबर है। पिछले कुछ समय में निर्माण सामग्री जैसे सरिया, सीमेंट, गिट्टी और ईंट की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इस उछाल ने न केवल आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है, बल्कि रियल एस्टेट सेक्टर और सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माण की मुख्य सामग्रियों के दाम 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। सरिया जो पहले ₹62 प्रति किलो था, वह अब बढ़कर ₹70 प्रति किलो तक पहुँच गया है। सीमेंट की बोरी जो पहले ₹260-₹280 के आसपास थी, अब ₹300 के पार पहुँच गई है। गिट्टी के दाम में भी 20% का उछाल देखा गया है। प्रति हजार ईंटों की कीमत में ₹1,000 से ₹1,500 तक की बढ़ोतरी हुई है। एल्युमीनियम में ₹450 प्रति यूनिट और डामर की कीमतों में भी भारी बढ़त दर्ज की गई है।
मकान निर्माण की प्रति वर्ग फुट (Square Feet) लागत अब काफी बढ़ गई है। पहले जहां ठेकेदार ₹1,050 प्रति वर्ग फुट में काम करने को तैयार थे, अब वही दर बढ़कर ₹1,250 से ₹1,300 तक पहुँच गई है। ठेकेदार अब पुराने रेट पर काम करने से कतरा रहे हैं, जिससे निर्माणाधीन मकानों का काम बीच में ही रुकने लगा है।
क्रेडाई (CREDAI) छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय कटियार के अनुसार, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर फ्लैट और मकानों की फाइनल कीमत पर पड़ेगा। बिल्डर्स ने नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग फिलहाल टाल दी है। जानकारों का मानना है कि यदि कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले 6 महीनों में फ्लैट्स और प्रॉपर्टी के दाम 8 से 12 प्रतिशत तक और बढ़ सकते हैं।