

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर: छत्तीसगढ़ में रविवार का दिन हादसों का रविवार साबित हुआ। प्रदेश के पांच अलग-अलग जिलों- कोरबा, सरगुजा, मोहला-मानपुर, बालोद और धमतरी में हुए भीषण सड़क हादसों ने कुल 6 परिवारों के चिराग बुझा दिए। इन दुर्घटनाओं में 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
कोरबा में शादी की खुशियां मातम में बदलीं
कोरबा के कटघोरा में शादी समारोह से लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे, रास्ते में मिली मौत (मोहला-मानपुर)
सबसे बड़ा हादसा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के NH-930 पर हुआ। यहाँ उर्स से लौट रहे जायरीनों से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरा। इस चीख-पुकार के बीच 2 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 10 से ज्यादा लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
बालोद और धमतरी में तेज रफ्तार का कहर
बालोद के डौंडीलोहारा मार्ग पर ट्रक ने दो बाइक सवार युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, धमतरी के कुरूद में सड़क पार कर रहे एक अधेड़ को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिन्होंने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बाल-बाल बचे ट्रक चालक (सरगुजा)
सरगुजा के लखनपुर में NH-130 पर दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। केबिन में फंसे ड्राइवर को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गनीमत रही कि यहाँ कोई जनहानि नहीं हुई।