

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur tigress attack youth killed forest
बिलासपुर: तखतपुर क्षेत्र की जूनापारा चौकी अंतर्गत बांधा गांव के जंगल में बांस का करिल (कल्ला) और मशरूम लेने गए एक युवक पर बाघिन ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से बांधा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, धरम दास जब जंगल में मशरूम और करिल बीन रहा था, तभी वहां मौजूद बाघिन ने उस पर अचानक हमला कर दिया। युवक को संभलने का बिल्कुल भी मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाघिन ने मृतक के शव को भी नुकसान पहुंचाया है। घटना के बाद से बाघिन अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास ही मौजूद बताई जा रही है, जिससे उसके और अधिक आक्रामक होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जूनापारा पुलिस टीम और वन विभाग का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की टीम लगातार बाघिन की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए है।
वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को पूरी तरह सतर्क रहने की सलाह दी है। एहतियात के तौर पर लोगों से फिलहाल जंगल की तरफ न जाने की अपील की गई है। इसके साथ ही ग्रामीणों को समूह में भी जंगल क्षेत्र की ओर जाने से बचने और किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की समझाइश दी गई है।