

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bishrampur-birthday-celebration-road-block-7-arrested
रायपुर। अंबिकापुर–बनारस मार्ग पर सरेआम यातायात रोककर जन्मदिन मनाने वाले सात आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 16 फरवरी की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने हुई थी, जहां युवकों ने सड़क पर वाहन खड़े कर रास्ता जाम कर दिया और आतिशबाजी करते हुए जश्न मनाया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। लटोरी पुलिस ने पहले धारा 285 और 126(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया था। बाद में जांच में सामने आया कि आरोपितों ने सार्वजनिक मार्ग पर खतरनाक तरीके से वाहन खड़े कर बाधा उत्पन्न की और पटाखे फोड़े। इसके आधार पर बीएनएस की धारा 287, 288 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 201 भी जोड़ी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए Prashant Kumar Thakur (एसएसपी) के निर्देश पर दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। तकनीकी इनपुट और लगातार दबिश के बाद सभी आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में अंबिकापुर निवासी अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24), अंशुल अग्रवाल (25), प्रथम अग्रवाल (24), शुभम अग्रवाल (23), महेश साहू (27), निखिल राम (26) तथा लटोरी निवासी अरुण देवांगन (39) शामिल हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है। कार्रवाई में लटोरी चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता, पुलिस स्टाफ और साइबर सेल की टीम सक्रिय रही।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपितों को कोतवाली में रखा गया। इसके बाद दोपहर में उन्हें जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस सभी सातों युवकों को कोतवाली से पैदल न्यायालय तक लेकर गई, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।