

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp-attacks-congress-over-karnataka-two-and-half-year-formula
रायपुर। कर्नाटक में कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर लागू किए जा रहे ‘ढाई-ढाई साल’ के सत्ता साझेदारी फॉर्मूले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने इसे लोकतंत्र और सुशासन का मॉडल नहीं, बल्कि कांग्रेस के अंदरूनी अंतर्विरोध और कथित भ्रष्टाचार आधारित सत्ता प्रबंधन का नया तरीका बताया है।
उज्जवल दीपक ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व और योग्यता से अधिक महत्व पार्टी आलाकमान को खुश रखने की राजनीति को दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन का निर्णय भी राजनीतिक और आर्थिक समीकरणों के आधार पर लिया गया है, जिसका जवाब कांग्रेस को जनता के सामने देना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने छत्तीसगढ़ में पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान चर्चा में रहे ‘ढाई-ढाई साल’ के फॉर्मूले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह व्यवस्था राज्य में लागू नहीं हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली नेतृत्व को संतुष्ट रखकर पूरे कार्यकाल तक अपनी कुर्सी बचाए रखी, जबकि टी.एस. सिंहदेव अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए प्रभावी तरीके से संघर्ष नहीं कर सके।
उज्जवल दीपक ने कर्नाटक के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वहां सत्ता हस्तांतरण का फॉर्मूला सफल माना जा रहा है, तो कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इसके पीछे क्या कारण हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर सत्ता और पदों को लेकर लगातार खींचतान चलती रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों को लेकर कभी उतने मुखर नहीं दिखे, जितने हाल के कुछ विवादित मुद्दों पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सिंहदेव के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक मुद्दों पर पहले अधिक दृढ़ता दिखानी चाहिए थी।
भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व से कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के राजनीतिक घटनाक्रमों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति सत्ता संतुलन और अंदरूनी समझौतों पर आधारित है, जबकि जनता के हित पीछे छूट जाते हैं।