

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba acb raid clerk caught taking 40000 bribe in sushasan tihar camp
कोरबा। जिले में चल रहे “सुशासन तिहार” के तहत पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के तुमान में आयोजित समाधान शिविर में शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पूरे शिविर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल अपनी जीपीएफ पासबुक में एंट्री कराने के लिए समाधान शिविर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पदस्थ सहायक ग्रेड-2 बाबू प्रदीप मिश्रा ने काम कराने के एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। परेशान होकर शिक्षक ने इसकी शिकायत बिलासपुर ACB से की।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। शुक्रवार को योजना के तहत शिक्षक अमृतलाल बघेल रिश्वत की रकम लेकर शिविर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपए दिए, पहले से तैनात ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के तुरंत बाद ACB टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर शिविर परिसर स्थित एक कमरे में पूछताछ शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी सकते में आ गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी बाबू प्रदीप मिश्रा पर पहले भी वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद वह विभाग में पदस्थ था और कथित तौर पर लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। जीपीएफ पासबुक की एंट्री जैसे छोटे काम के लिए भी खुलेआम पैसे मांगे जाने की शिकायतें मिल रही थीं।
“सुशासन तिहार” जैसे सरकारी कार्यक्रम के दौरान हुई इस कार्रवाई से राजस्व और शिक्षा विभाग में खलबली मच गई है। ACB अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है। टीम यह भी जांच कर रही है कि शिविर में और किन लोगों से रिश्वत की मांग की गई थी।
फिलहाल ACB टीम आरोपी प्रदीप मिश्रा को अपने साथ ले गई है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।