

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

governor trailer impresses management students manoj bajpayee vipul amrutlal shah film 2026
मुंबई। फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गवर्नर’ का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। खासकर मैनेजमेंट और बिजनेस स्टडीज के छात्रों ने ट्रेलर की जमकर सराहना की है। भारत के 1990 के दशक के आर्थिक संकट पर आधारित इस फिल्म को इतिहास, अर्थव्यवस्था और राजनीति के महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए सराहा जा रहा है।
हाल ही में आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मैनेजमेंट स्टूडेंट्स शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद मेकर्स द्वारा साझा किए गए वीडियो में छात्रों ने फिल्म और इसके विषय की खुलकर तारीफ की। छात्रों का कहना है कि फिल्म भारत के आर्थिक इतिहास के उस महत्वपूर्ण दौर को सामने लाती है, जिसके बारे में नई पीढ़ी को ज्यादा जानकारी नहीं है।
ट्रेलर में मनोज बाजपेयी का दमदार अभिनय भी लोगों को काफी पसंद आया है। गवर्नर की भूमिका में नजर आ रहे मनोज बाजपेयी ने अपने प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस और गंभीर अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा है। छात्रों ने उनकी परफॉर्मेंस को फिल्म की सबसे बड़ी ताकतों में से एक बताया।
छात्रों का मानना है कि ‘गवर्नर’ केवल एक मनोरंजक फिल्म नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए सीख और जागरूकता का माध्यम भी साबित होगी। उन्होंने फिल्म को “मस्ट वॉच” बताते हुए कहा कि सिनेमा के जरिए देश के आर्थिक और राजनीतिक इतिहास को समझने का यह एक बेहतरीन प्रयास है।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर छात्रों की प्रतिक्रियाओं वाला वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “दमदार प्रतिक्रियाओं से लेकर सोचने पर मजबूर कर देने वाली बातचीत तक, ‘गवर्नर’ का ट्रेलर हर जगह छात्रों से गहराई से जुड़ रहा है। हर प्रतिक्रिया के साथ कहानी के लिए उत्साह, सराहना और प्यार लगातार बढ़ता जा रहा है।”
सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म 1990 के दशक में भारत को प्रभावित करने वाले आर्थिक संकट, उससे जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम और फैसलों की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। ट्रेलर में सत्ता, संघर्ष और तनाव से भरी कहानी की झलक देखने को मिलती है।
चिन्मय मांडलेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ अदा शर्मा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्माण सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले विपुल अमृतलाल शाह ने किया है। गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है।
‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।