

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp-leader-vinayak-tamrakar-opium-farming-case-durg-chhattisgarh
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम खेती का बड़ा मामला सामने आया है। जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के समोदा और झेनझरी गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में लगी अफीम की फसल को पुलिस ने उखाड़कर जब्त कर लिया है। पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर उगाई गई अफीम की पूरी फसल नष्ट करने की कार्रवाई की है। जब्त फसल का कुल वजन लगभग 62 हजार किलो बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने उखाड़ी गई फसल को चार ट्रैक्टरों में भरकर सुरक्षित स्थान पर रखा है। पर्यावरण विभाग से अनुमति मिलने के बाद पैनल की मौजूदगी में पूरी फसल को नष्ट किया जाएगा।
खेत की सुरक्षा के लिए करंट वाले तार और बाउंसर तैनात
जांच में सामने आया है कि अफीम के खेत की सुरक्षा के लिए शिवनाथ नदी की ओर लगी फेंसिंग में गेट के पास करंट वाले तार जोड़े गए थे, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति खेत में प्रवेश न कर सके। इसके अलावा खेत के बाहर सुरक्षा के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे।
6 मार्च को पड़ी रेड, 10 मार्च तक चली कार्रवाई
पुलिस ने 6 मार्च को खेत में छापा मारकर कार्रवाई शुरू की थी। 10 मार्च तक पूरी अफीम फसल को उखाड़कर बोरियों में भर लिया गया और बाद में ट्रैक्टरों में लोड कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। फसल की मात्रा ज्यादा होने के कारण बुलडोजर की मदद ली गई। साथ ही मनरेगा के मजदूरों को भी इस काम में लगाया गया।
विनायक ताम्रकार समेत तीन गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने के कारण उनकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है, हालांकि जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
घर और गोदाम से भी बरामद हुआ सामान
सोमवार को पुलिस ने विनायक ताम्रकार के घर और गोदाम में छापा मारा। तलाशी के दौरान 10 ग्राम अफीम, 200 ग्राम खसखस, अफीम के बीज, चीरा लगाने वाला औजार, 7 बोरी डोडा, एक ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त की गई। पुलिस का कहना है कि इनका इस्तेमाल अफीम की खेती और उससे जुड़ी गतिविधियों में किया जा रहा था।
बहनों के नाम पर दर्ज जमीन
जांच में पता चला कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह प्रीतिबाला और मधुमती ताम्रकार के नाम पर दर्ज है। दोनों महिलाएं रिश्ते में विनायक ताम्रकार की बहन बताई जा रही हैं। पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज किए हैं।
हालांकि दोनों महिलाओं ने अफीम की खेती की जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि विनायक ताम्रकार उन्हें खेत में जाने तक नहीं देता था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।