

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp media department meeting congress false narrative chhattisgarh
रायपुर। प्रदेश भाजपा मीडिया विभाग की बैठक रविवार को भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों से कांग्रेस के "झूठे नैरेटिव" का तथ्यों के आधार पर लगातार जवाब देने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में पद्म विभूषण तीजन बाई और वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने मीडिया विभाग की गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी प्रवक्ता और पैनलिस्ट डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर लगातार झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ लगातार पर्दाफाश किया जाना चाहिए।
संतोष पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार जनहित के कार्यों से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए पार्टी के मीडिया विभाग को और अधिक सक्रियता और मुखरता के साथ काम करना होगा।
प्रदेश भाजपा के महामंत्री अखिलेश सोनी ने हाल के घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के कई आरोप और दावे तथ्यों के सामने टिक नहीं पाए और उसका झूठ उजागर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का विरोध करते-करते कांग्रेस कई बार देश और सनातन विरोधी सोच का परिचय देती है, जिसकी निंदा की जानी चाहिए।
प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने सम्मानपुर सहित हाल की विभिन्न घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर षड्यंत्र और भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विभिन्न मंचों पर राजनीतिक रूप से असफल होने के बाद कांग्रेस अब कुछ यूट्यूब चैनलों के माध्यम से अपनी राजनीति साधने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से आत्मचिंतन करने की सलाह देते हुए प्रवक्ताओं से इन मुद्दों पर लगातार तथ्यात्मक जानकारी सामने लाने का आग्रह किया।
बैठक में मीडिया सलाहकार पंकज झा और आर कृष्णा दास ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने विभाग की दैनिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना से सभी को अवगत कराया। बैठक में प्रदेश भाजपा के सभी प्रवक्ता और मीडिया विभाग से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर पद्म विभूषण तीजन बाई और हाल ही में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संतोष पांडेय ने दोनों दिवंगत हस्तियों के योगदान को याद करते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।