

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp mla raju kumar singh jailed 4 years disqualified celebratory firing case
नई दिल्ली: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 2018-19 की न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग मामले में बिहार के भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को बड़ा झटका देते हुए चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उन्हें गैर-इरादतन हत्या (IPC धारा 304 पार्ट-II) और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी करार दिया। साथ ही पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।
सजा दो वर्ष से अधिक होने के कारण जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत राजू कुमार सिंह की विधायकी स्वतः समाप्त हो गई है। कानून के अनुसार किसी सांसद या विधायक को किसी आपराधिक मामले में दो वर्ष या उससे अधिक की सजा मिलने पर वह दोषसिद्धि की तारीख से ही सदन की सदस्यता के लिए अयोग्य हो जाता है।
न्यू ईयर पार्टी में गई थी महिला डॉक्टर की जान
यह मामला 31 दिसंबर 2018 और 1 जनवरी 2019 की दरमियानी रात आयोजित न्यू ईयर सेलिब्रेशन का है। आरोप है कि जश्न के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में डॉ. अर्चना गुप्ता को गोली लग गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने राजू कुमार सिंह को गैर-इरादतन हत्या का दोषी माना।
कोर्ट ने हर्ष फायरिंग पर जताई सख्त चिंता
फैसला सुनाते हुए अदालत ने कहा कि हर्ष फायरिंग देश में एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुकी है और ऐसी लापरवाही निर्दोष लोगों की जान ले रही है। कोर्ट ने माना कि आरोपी की लापरवाही के कारण ही डॉ. अर्चना गुप्ता की मौत हुई। जांच के दौरान राजू कुमार सिंह के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए थे।
अभियोजन पक्ष ने अदालत में दलील दी कि यह बेहद गंभीर मामला है, क्योंकि “कानून बनाने वाला ही कानून तोड़ने वाला बन गया।”
कई दलों से रहे विधायक, रह चुके हैं पर्यटन मंत्री
राजू कुमार सिंह बिहार के साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे वर्ष 2005 से कई बार विधायक चुने जा चुके हैं। अपने राजनीतिक सफर में वे लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा), जनता दल (यूनाइटेड), वीआईपी और बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। वे बिहार सरकार में पर्यटन मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं।
इस फैसले के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई है और मामला बिहार की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है।