

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

brijmohan agrawal angry on naib tehsildar corruption charge
रायपुर। छत्तीसगढ़ के समोदा (आरंग) में 'सुशासन तिहार' के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मंच से ही एक अधिकारी पर बुरी तरह भड़क गए। मामला नायब तहसीलदार द्वारा काम के बदले कथित तौर पर उगाही करने और ऊपर पैसा भेजने का नाम लेने से जुड़ा है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल से वहां के नायब तहसीलदार गजानंद सिदार की एक स्वर में शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप था कि नायब तहसीलदार काम के एवज में पैसों की उगाही करते हैं और पूछने पर यह दलील देते हैं कि “उन्हें यह पैसा ऊपर (उच्च स्तर पर) भेजना पड़ता है।”
ग्रामीणों की शिकायत सुनते ही सांसद बृजमोहन अग्रवाल के तेवर तीखे हो गए। उन्होंने बिना देर किए नायब तहसीलदार को सीधे मंच पर तलब किया और कड़े लहजे में पूछा— “किस सांसद-विधायक को कितना पैसा दे रहे हो, बताओ?”
सांसद ने सख्त चेतावनी देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता के सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ किए जाएं। नायब तहसीलदार के खिलाफ ग्रामीणों के भारी आक्रोश को देखते हुए अधिकारियों को तीन दिन के भीतर पूर्ण प्रकरण बनाकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने दो टूक कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना ही प्रशासन का प्राथमिक कर्तव्य है। अगर कोई काम नियमतः नहीं हो सकता, तो उसे स्पष्ट रूप से लिखित में दें, लेकिन जनता को अंधेरे में न रखें।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मूल मंत्र 'अंत्योदय' (समाज के अंतिम व्यक्ति का उदय) है। उन्होंने जोर देकर कहा “जब-जब कमल का फूल खिलता है, सरकार खुद चलकर जनता के पास आती है। सुशासन का असली अर्थ ही यही है कि आम आदमी को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि प्रशासन खुद उनकी चौखट पर खड़ा मिले।”
इस प्रशासनिक व राजनीतिक गरिमामयी अवसर पर नगरपालिका आरंग के अध्यक्ष संदीप जैन, समोदा नगर पंचायत अध्यक्ष छोटेलाल सोनकर, देव कुमार साहू, कृष्ण कुमार भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, एडिशनल कलेक्टर, एसडीएम और विभिन्न विभागों के आला अधिकारी उपस्थित रहे।