

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cbse 12th revaluation new portal iit approved
नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड के नए पुनर्मूल्यांकन पोर्टल को हरी झंडी दे दी गई है। यह फैसला पुरानी ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली (OSM) में कई गंभीर कमियां और सुरक्षा खामियां सामने आने के बाद लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पहले स्कैनिंग और मूल्यांकन का कार्य करने वाली कंपनी 'कोएम्प्ट एजुटेक' के पोर्टल में कई खामियां थीं, जिसके बाद इस पोर्टल का इस्तेमाल बंद करने का फैसला लिया गया। इसके बाद तैयार किए गए नए पोर्टल की सुरक्षा समीक्षा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) के एक एक्सपर्ट पैनल ने की। पैनल से हरी झंडी मिलने के बाद अब हजारों छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन का रास्ता साफ हो गया है।
IIT पैनल के एक सदस्य के अनुसार, कोएम्प्ट एजुटेक के पुराने पोर्टल में कई सुरक्षा खामियां थीं, जिससे डेटा तक पहुंचने के कई असुरक्षित तरीके (लूपहोल्स) खुले हुए थे। नए पोर्टल को तैयार करने में 'डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन' (DIC), IIT मद्रास और IIT कानपुर के विशेषज्ञों ने मदद की है। विशेषज्ञों ने बेस कोड में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए सुरक्षा को पूरी तरह पुख्ता किया है, ताकि डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहे।
इस मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। विपक्षी गठबंधन 'INDIA' में शामिल 22 दलों ने सोमवार को नीट (NEET) पेपर लीक और सीबीएसई 12वीं बोर्ड की नई ओएसएम (OSM) की त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन प्रणाली के विवाद को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।
NEET-UG परीक्षा को लेकर सख्त तैयारी; वायु सेना और डाक विभाग संभालेंगे कमान
आगामी 21 जून को दोबारा होने वाली नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा के प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए सरकार ने इस बार किसी भी निजी एजेंसी की मदद न लेने का फैसला किया है।
नीट-यूजी के प्रश्नपत्रों को देश के 18 रीजनल सेंटरों तक भारतीय वायु सेना की मदद से सुरक्षित तरीके से पहुंचाया जाएगा। रीजनल सेंटरों से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्रों को पहुंचाने का जिम्मा डाक विभाग संभालेगा। यह परीक्षा देश के 552 और विदेशों के 14 शहरों में आयोजित होनी है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के ये कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।