

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ceo rupesh pandey suspended sushasan tihar durg
रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के दौरान आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आम नागरिकों के साथ कथित अशिष्ट व्यवहार और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही के मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर दुर्ग संभाग के आयुक्त ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रूपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी निलंबन आदेश के अनुसार, ग्राम थनौद में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान रूपेश कुमार पाण्डेय के आम लोगों से अशिष्ट व्यवहार का एक वीडियो सामने आया था। कलेक्टर दुर्ग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव और वीडियो क्लिप के अवलोकन के बाद प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि उन्होंने शासन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती तथा नागरिकों के प्रति अनुचित व्यवहार किया।
मामले को गंभीर मानते हुए संभागायुक्त दुर्ग ने पहले संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि, उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 एवं नियम 3-क के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।
आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक शासकीय सेवक का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और शिष्टाचार के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह होता है और आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार लोकसेवक के आचरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
निलंबन अवधि के दौरान रूपेश कुमार पाण्डेय को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।