

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cg vyapam exam time change heatwave
प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने परीक्षार्थियों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब व्यापमं द्वारा आयोजित सभी प्रवेश और भर्ती परीक्षाएं पहले के निर्धारित समय सुबह 11 बजे की बजाय सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएंगी।
दरअसल, तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा समाप्त होने के बाद घर लौटने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए मंडल ने परीक्षा समय में बदलाव किया है।
नए निर्देश के मुताबिक, परीक्षार्थियों को सुबह 9:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। व्यापमं ने स्पष्ट किया है कि जून तक आयोजित होने वाली 12 से अधिक परीक्षाओं में यही नया समय लागू रहेगा।
45 डिग्री तक पहुंचा तापमान
राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहले परीक्षाएं सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:15 बजे तक चलती थीं, जो दिन का सबसे गर्म समय होता है। ऐसे में अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी।
26 अप्रैल को उप निरीक्षक परीक्षा
व्यापमं ने बताया कि 26 अप्रैल को होने वाली उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा भी अब सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। यह परीक्षा छत्तीसगढ़ राज्य कृषि उपज मंडी बोर्ड में 200 पदों पर भर्ती के लिए ली जाएगी। परीक्षा प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी
मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड व वैध पहचान पत्र जरूर लेकर आएं, क्योंकि निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
व्यापमं के इस फैसले को भीषण गर्मी के बीच परीक्षार्थियों के हित में उठाया गया एक राहतभरा कदम माना जा रहा है।