

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

champa-electronics-store-fire-18-year-old-dies
रायपुर। चांपा के बलौदा स्थित राजू इलेक्ट्रॉनिक्स में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई, जिसमें संचालक रमेश देवांगन के 18 वर्षीय पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से लगी होने की संभावना जताई जा रही है।
घटना की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आग पर काबू पाने के लिए एनटीपीसी सीआइएसएफ अग्निशमन केंद्र, सीपत, केएसके अकलतरा और मड़वा प्लांट से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। आग पर छह घंटे तक काबू पाने की कोशिशें चलीं।
जानकारी के अनुसार, रमेश देवांगन का तीन मंजिला मकान और दुकान एक ही इमारत में थे। दोपहर करीब दो बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही क्षणों में आग विकराल रूप धारण कर गई। आग की तीव्रता के कारण दुकान में रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तेजी से जल गए।
रोज़नदान और वेंटिलेशन की कमी ने स्थिति और बिगाड़ दी। आग को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने भवन की तीन अलग-अलग दीवारें तोड़ने का आदेश दिया। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया।
परिवार के अन्य सदस्य छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन इस हादसे ने परिवार और इलाके में मातम फैला दिया। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जाँच कर रहे हैं।