

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-bhavya-scheme-integrated-multi-sector-industrial-park-nava-raipur
रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA) के तहत नवा रायपुर अटल नगर में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को अब मंजूरी के लिए भारत सरकार के समक्ष भेजा जाएगा।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट लेवल कमेटी की बैठक हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) की ओर से प्रस्तावित औद्योगिक पार्क को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
406.72 एकड़ में प्रस्तावित है औद्योगिक पार्क
CRDA के प्रस्ताव के मुताबिक यह इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 406.72 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है।
पार्क में अलग-अलग औद्योगिक गतिविधियों के लिए जरूरी अधोसंरचना और अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे एक ही क्षेत्र में विभिन्न सेक्टर से जुड़ी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है।
DPR और मास्टर प्लान पर हुई चर्चा
स्टेट लेवल कमेटी की बैठक में परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR), मास्टर प्लान, भूमि की उपलब्धता, जरूरी अधोसंरचना, परियोजना की अनुमानित लागत और वित्तीय व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई।
इसके अलावा BHAVYA योजना की संचालन गाइडलाइन के तहत परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।
DPIIT के सामने रखा जाएगा प्रस्ताव
बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के समक्ष प्रस्तुत करने की मंजूरी दी गई है। अब CRDA निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भारत सरकार को भेजेगा।
भारत सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद औद्योगिक पार्क के विकास से जुड़े अगले चरणों पर काम शुरू किया जाएगा।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, CSIDC के प्रबंध संचालक उमेश कुमार झा, NRDA नवा रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार समेत रायपुर कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौजूद रहे।