

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh congress politics deepak baij ts singh deo korba meet
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच रविवार को कोरबा में आयोजित राज्य स्तरीय महासम्मेलन में सियासी माहौल बदला हुआ नजर आया। कार्यक्रम में PCC चीफ Deepak Baij और पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo की मुलाकात ने सबका ध्यान खींच लिया। दोनों नेताओं ने मंच पर बातचीत की, ठहाके लगाए और बैज ने सिंहदेव के पैर छूकर सम्मान जताया।
दरअसल, कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर पिछले कुछ दिनों से बयानबाजी तेज है। टीएस सिंहदेव ने हाल ही में कहा था कि यदि पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने साफ कहा कि वे छत्तीसगढ़ में रहकर संगठन और जनता के बीच काम करना चाहते हैं।
इसके जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा था कि बाबा साहब बड़े नेता हैं और उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में युवाओं को मौका मिलना चाहिए।
“मैं अभी भी सक्रिय हूं” : सिंहदेव
टीएस सिंहदेव ने अपने बयान में कहा था कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी संगठन और क्षेत्र को मजबूत करना है। उन्होंने इशारों में कहा कि बड़े नेताओं की चर्चा हो रही है तो यह भी देखा जाना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा।
उन्होंने स्वीकार किया कि वे खुद चुनाव हार चुके हैं, जबकि दीपक बैज भी चुनाव हार चुके हैं। सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस अपने जिले की सीटें नहीं बचा पाई और लोकसभा चुनाव में भी हार मिली। साथ ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार दोबारा नहीं बन सकी।
सिंहदेव ने कहा कि वे लगातार प्रदेशभर में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और पार्टी नेतृत्व को इसकी जानकारी भी है। उन्होंने दीपक बैज को युवा नेता बताते हुए कहा कि वे भविष्य में मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं।
भूपेश बोले- फैसला हाईकमान करेगा
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel की प्रतिक्रिया भी सामने आई। रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि वे टीएस सिंहदेव के बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देते।
भूपेश बघेल ने कहा कि दीपक बैज पिछले साढ़े तीन वर्षों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष जैसे पदों पर फैसला पार्टी हाईकमान ही करता है।
BJP ने साधा निशाना
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के अंदरूनी विवाद को लेकर हमला बोला है। प्रदेश सरकार के मंत्री Ramvichar Netam ने कहा कि कांग्रेस का अंतर्कलह समय-समय पर सार्वजनिक हो जाता है।
रामविचार नेताम ने कहा कि टीएस सिंहदेव को कांग्रेस ने “यूज एंड थ्रो” की राजनीति का शिकार बनाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने में सिंहदेव की बड़ी भूमिका थी, लेकिन बाद में उन्हें ही इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। भाजपा नेता ने सिंहदेव को सतर्क रहने की सलाह भी दी।