

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-creator-influencer-awards-2026-cm-vishnu-deo-sai-digital-brand-ambassadors
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के कंटेंट क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स अपनी रचनात्मकता और कैमरे के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति, लोककला, खान-पान, पर्यटन और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है। क्रिएटर्स मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और जनहित के मुद्दों को भी लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में दिए गए अवॉर्ड
इस आयोजन में जनता की सार्वजनिक वोटिंग के जरिए पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। कुल 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल समेत अलग-अलग क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर किया साझा
युवा क्रिएटर्स से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अपने राजनीतिक सफर के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने पहले उन्हें पंच और फिर निर्विरोध सरपंच चुना। इसके बाद विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।
किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी
खेती-किसानी पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती को करीब से समझते हैं। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। साथ ही पात्रता के अनुसार कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।

नक्सलवाद के खिलाफ मिली निर्णायक सफलता
नक्सलवाद के खात्मे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और जवानों के अदम्य साहस से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द सहा है, लेकिन अब वहां शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। सरकार चाहती है कि बस्तर का हर बच्चा बिना डर के स्कूल जाए और हर युवा अपने सपने पूरे कर सके।
बस्तर में 34 लाख लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
मुख्यमंत्री ने बस्तर में चल रही विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने अभियान के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास पर जोर
रोजगार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के अलावा उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के जरिए निवेश और रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रयास आवासीय विद्यालय और विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा बस्तर के जगरगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल की जा रही है।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की खनिज संपदा, प्राकृतिक संसाधनों और बेहतर कनेक्टिविटी को राज्य की ताकत बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार बनने के बाद से प्रदेश के खनिज राजस्व में 5 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।

क्रिएटर्स से बस्तर-सरगुजा को प्रमोट करने की अपील
मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को अपने कंटेंट के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी क्रिएटर्स मदद कर सकते हैं। उनकी एक रील किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दिला सकती है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने, तकनीक का सही इस्तेमाल करने और खेलकूद व व्यायाम के लिए समय निकालने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी खिंचवाई और पुरस्कार जीतने वाले सभी क्रिएटर्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।