

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh critical strategic minerals auction nava raipur roadshow
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र के विकास, निवेश को बढ़ावा देने और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के प्रभावी दोहन की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त को लेकर 31 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में रोड शो आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
रोड शो में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स की होगी नीलामी
भारत सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त में 20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए रखे हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं। इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं।
ये खनिज देश की ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और रणनीतिक जरूरतों के लिहाज से बेहद अहम माने जाते हैं।
टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी का होगा शुभारंभ
रोड शो के दौरान खनिज क्षेत्र को तकनीक आधारित, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में कई अहम पहल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ करेंगे।
इसके अलावा सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू का आदान-प्रदान होगा। कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ भी एमओयू किया जाएगा।
कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन होगा। वहीं तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
निवेश और नीलामी प्रक्रिया पर तकनीकी सत्र
दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र आयोजित होगा। इसमें खनिज ब्लॉक्स की नीलामी, निवेश और अन्वेषण से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित खनिज ब्लॉक्स पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। एसबीआई कैप्स की ओर से मिनरल ऑक्शन प्रोसेस और टेंडर डॉक्यूमेंट की जानकारी दी जाएगी, जबकि एमएसटीसी मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया के बारे में बताएगा।
इसके साथ ही कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से जुड़ी एनएमईडीटी योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा।
तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन होगा, जिसमें उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक और विशेषज्ञ नीलामी प्रक्रिया, खनिज संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
नीलाम किए गए खनिज ब्लॉक्स के संचालन की समीक्षा
रोड शो के बाद समीक्षा बैठक में पहले से नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। खनन परियोजनाओं को जल्द शुरू करने और विभिन्न स्तरों पर आवश्यक समन्वय को लेकर भी चर्चा होगी। इसके बाद माइन विजिट भी प्रस्तावित है।
यह रोड शो छत्तीसगढ़ समेत देश में महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण एवं खनन को नई गति देने वाला माना जा रहा है। इससे केंद्र और राज्य सरकार के साथ उद्योग जगत तथा खनन क्षेत्र के हितधारकों के बीच समन्वय बढ़ने और खनिज क्षेत्र में निवेश की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है।