

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-income-tax-raid-pra-barbarik-group-raigarh-ispat
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारी समूहों पर आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार चौथे दिन शनिवार को भी जारी रही। पीआरए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप, रायगढ़ इस्पात और जेपी मित्तल से जुड़े ठिकानों पर 18 नवंबर से शुरू हुई छापेमारी में अब तक रायपुर समेत प्रदेश के छह जिलों में 32 से ज्यादा स्थानों पर जांच की जा चुकी है। कार्रवाई में करीब 15 करोड़ रुपए नकद मिलने का अनुमान है, जबकि 25 बैंक लॉकरों से लगभग 20 करोड़ रुपए की ज्वेलरी मिलने की खबर है। वहीं, बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के करीब 225 करोड़ रुपए के लेन-देन भी आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं।
120 आयकर अधिकारी और CRPF के 80 जवान तैनात
इस बड़ी कार्रवाई में आयकर विभाग के करीब 120 अधिकारी और कर्मचारियों की टीम शामिल है। सुरक्षा के लिए CRPF के 80 जवानों को तैनात किया गया है। टीमें कारोबारियों के घरों, दफ्तरों, फैक्ट्रियों और उनसे जुड़ी कंपनियों के दस्तावेज, बैंक खाते और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और सूरजपुर में एक साथ कार्रवाई की जा रही है। पूरे ऑपरेशन की निगरानी भोपाल की सेंट्रल टीम कर रही है। अलग-अलग ठिकानों से मिल रही जानकारियां रायपुर स्थित कार्यालय भेजी जा रही हैं। हालांकि, आयकर विभाग ने अब तक नकदी, आभूषण और संभावित कर चोरी को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
सड़क, पुल निर्माण से लेकर स्टील कारोबार तक फैला नेटवर्क
जांच के दायरे में आए कारोबारी समूह सड़क, भवन, पुल निर्माण, स्टील, सरिया, स्पंज आयरन और कोयले के कारोबार से जुड़े हैं। प्रह्लाद राय अग्रवाल ने पीआरए ग्रुप की स्थापना की थी। यह समूह सड़क, भवन और पुल निर्माण के क्षेत्र में काम करता है। वहीं, बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़ी कंपनियां निर्माण और स्टील कारोबार में सक्रिय हैं।
बताया जा रहा है कि बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात का कारोबार एक ही परिवार से जुड़ा है। परिवार के छह भाई अलग-अलग कंपनियों और कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हैं। रायपुर मुख्यालय वाली बर्बरीक प्रोजेक्ट्स लिमिटेड समूह की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है।
छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड और ओडिशा में भी इन समूहों को सरकारी निर्माण कार्यों के ठेके मिले हैं। आयकर विभाग अब इन कंपनियों के बीच हुए लेन-देन, खरीद-बिक्री के बिल, बैंक खातों और घोषित आय का मिलान कर रहा है।
शेयर बाजार में निवेश और IPO की तैयारी भी जांच के दायरे में
आयकर विभाग की जांच केवल नकदी और दस्तावेजों तक सीमित नहीं है। कारोबारी समूहों के शेयर बाजार में किए गए निवेश की जानकारी भी खंगाली जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ इस्पात लिमिटेड के शेयरों में निवेश और कंपनी की ओर से IPO लाने की तैयारी से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
विभाग कंपनियों के वित्तीय लेन-देन और कारोबारी समूह की दूसरी कंपनियों के साथ उनके संबंधों की जांच कर रहा है।
डिजिटल सबूतों से तलाशा जा रहा लेन-देन का नेटवर्क
छापेमारी के दौरान जब्त किए गए लैपटॉप, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल डिवाइस की जांच की जा रही है। इनके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अलग-अलग कंपनियों के बीच कितने रुपए का लेन-देन हुआ और किन बैंक खातों के माध्यम से रकम का ट्रांसफर किया गया।
इसके अलावा कागजों में दिखाए गए कारोबार और वास्तविक लेन-देन का मिलान किया जा रहा है। बैंक लॉकरों से मिली ज्वेलरी का मूल्यांकन और जब्त दस्तावेजों की पड़ताल भी जारी है।
रायगढ़ के तीन कार्यालयों में भी पहुंची टीम
रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़े ठिकानों पर जांच के बाद आयकर विभाग की टीम ढिमरापुर स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स के तीन कार्यालयों में पहुंची। इनमें मुदणा होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय भी शामिल है।
इसके अलावा कोतरारोड स्थित बर्बरीक विला में बजरंग अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल के घरों और दफ्तरों की जांच की गई। रायगढ़ इस्पात और कालिंदीकुंज स्थित ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले गए। इन स्थानों पर रायपुर, दुर्ग और भोपाल से आई टीमों ने जांच की।
अंबिकापुर से सूरजपुर तक छापेमारी
सरगुजा संभाग में भी आयकर विभाग की टीमें सक्रिय रहीं। अंबिकापुर में रमेशचंद्र अग्रवाल के आवास हरसिंगार, ब्रह्म रोड स्थित बर्बरीक प्रोजेक्ट्स कार्यालय और एक टैक्स वकील के घर पर जांच की गई। टीम सूरजपुर स्थित निवास पर भी पहुंची।
बताया जा रहा है कि इन ठिकानों से कच्चे हिसाब-किताब की बहियां जब्त की गई हैं। फिलहाल आयकर विभाग की टीमें सभी दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और कंपनियों के वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस कार्रवाई में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।