

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-liquor-scam-eow-acb-action-16-vehicles-seized
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है। सोमवार को बिलासपुर और मुंगेली जिलों में संयुक्त अभियान चलाकर 16 वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों का उपयोग कथित तौर पर डिस्टलरियों से सरकारी शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुंचाने में किया जा रहा था।
एजेंसी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत की गई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के साथ-साथ IPC की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत केस दर्ज है।
कार्रवाई के दौरान वेलकम डिस्टलरी से 8 वाहन, भाटिया वाइंस डिस्टलरी से 8 वाहन, कुल 16 वाहनों को जब्त किया गया। जांच में मिले डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों से पुष्टि हुई है कि इनका उपयोग “पार्ट-बी” अवैध शराब के परिवहन में किया जा रहा था।
विवेचना में यह सामने आया है कि डिस्टलरियों से सीधे चयनित शासकीय देशी शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुंचाई जाती थी। इस काम के लिए कुछ तय वाहनों का बार-बार इस्तेमाल होता था। गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर इन वाहनों की पहचान डिस्टलरीवार की गई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि डिस्टलरी संचालकों ने अपनी कंपनियों, कर्मचारियों और भरोसेमंद लोगों के नाम पर वाहन खरीदे या उपलब्ध कराए। इन्हीं गाड़ियों का इस्तेमाल अवैध परिवहन के लिए किया जाता था
जांच के दौरान केडिया डिस्टलरी का नाम भी सामने आया है। यहां भी निजी वाहनों के उपयोग के संकेत मिले हैं। फिलहाल इन वाहनों के स्वामित्व और उपयोग को लेकर अलग से जांच जारी है।