

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh nagar panchayat election results bjp wins three seats
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय अध्यक्ष के उपचुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं। इन पांच नगर पंचायतों में से भाजपा ने 3 और कांग्रेस ने 2 अध्यक्ष पदों पर जीत हासिल की है। चुनाव के दौरान कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां दोनों ही पार्टियों के दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी।
शिवनंदनपुर (सूरजपुर): भाजपा का कब्जा, रितेश जायसवाल बने अध्यक्ष
सूरजपुर जिले की नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के पहले नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यहाँ भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने कांग्रेस के संजय सोनी को 362 मतों से पराजित कर पहले अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया।
वार्डों की स्थिति: यहाँ मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। नगर पंचायत के 15 वार्डों में से कांग्रेस ने 8 वार्डों में जीत हासिल कर बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा के खाते में 7 वार्ड आए हैं। वार्डों में बढ़त के बावजूद अध्यक्ष पद पर भाजपा ने बाजी मार ली।
यह चुनाव पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय रहा। चुनाव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं (भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव और दीपक बैज) सहित कई नेताओं ने यहाँ धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन भी किया था। स्थानीय विधायक व महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इसके बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और अन्य भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति में एक भव्य आभार रैली भी निकाली गई।
सहसपुर लोहारा (कवर्धा): खिला कमल, सरिता मिश्रा 1949 मतों से जीतीं
कबीरधाम (कवर्धा) जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 1,949 मत मिले।
उन्होंने इंडियन नेशनल कांग्रेस के रोशन वैष्णव (1,187 मत) को हराया। निर्दलीय प्रत्याशी अजय यादव को 1,018 मत मिले। सरिता मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 754 मतों के अंतर से शिकस्त दी।
यह सीट पूर्व अध्यक्ष संतोष मिश्रा के निधन के कारण रिक्त हुई थी, जिसके बाद उनकी पत्नी सरिता मिश्रा को भाजपा ने मैदान में उतारा था। यह क्षेत्र उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विधानसभा क्षेत्र कवर्धा के अंतर्गत आता है, जिससे यहाँ भाजपा के लिए जीत बरकरार रखना बेहद अहम था।
घुमका (राजनांदगांव): कांग्रेस का कब्जा, फूलमती वर्मा ने 85 मतों से मारी बाजी
राजनांदगांव जिले की नवगठित घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया है। कांग्रेस की फूलमती वर्मा यहाँ की पहली अध्यक्ष चुनी गई हैं। उन्होंने भाजपा की करूणा वर्मा को एक कड़े मुकाबले में पराजित किया।
फूलमती वर्मा ने 85 मतों से जीत हासिल की। फूलमती वर्मा पहले यहाँ की सरपंच थीं और अब नगर पंचायत बनने के बाद भी उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा बनाए रखा।
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने भी बड़ा दावा किया था और जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी को मैदान में उतारा था, लेकिन 'आप' प्रत्याशी को केवल 70 मतों से संतोष करना पड़ा।
बम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा): भाजपा के रमेश डड़सेना विजयी
जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह सीट पर भी भाजपा को सफलता मिली है। यहाँ भाजपा के रमेश डड़सेना ने करीब साढ़े 8 सौ (850) मतों के अंतर से जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया है।
इन चुनावों में स्थानीय स्तर पर वार्ड पार्षदों की संख्या के मामले में भले ही कई जगह कांग्रेस मजबूत स्थिति में दिखी, लेकिन अध्यक्ष पदों के चुनाव में भाजपा ने 3 सीटें जीतकर अपना पलड़ा भारी रखा।