

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh psc recruitment scam ed expands probe other recruitments under scanner
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और लेन-देन के आरोपों की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) अब अपने जांच दायरे का विस्तार करने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, जांच केवल वर्ष 2021 की राज्य सेवा परीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे पहले और बाद में हुई अन्य भर्ती प्रक्रियाओं की भी पड़ताल की जा सकती है।
ईडी ने हाल ही में इस मामले में कार्रवाई तेज करते हुए पूर्व पीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव, परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक और सहायक परीक्षा नियंत्रक ललित गनवीर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच एजेंसी को कथित पेपर लीक और भर्ती में लेन-देन से जुड़े कुछ अहम साक्ष्य मिलने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी अब विभिन्न विभागों में हुई भर्ती प्रक्रियाओं की भी समीक्षा कर सकती है। विशेष रूप से संस्कृति विभाग सहित कुछ अन्य विभागों में भर्ती संबंधी शिकायतों की जानकारी एजेंसी तक पहुंची है। इन शिकायतों के आधार पर संबंधित विभागों और पीएससी से जानकारी मांगी गई है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एजेंसी के मैनुअल में ऐसे मामलों की जांच का स्पष्ट प्रावधान भले न हो, लेकिन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए तथ्यों की जांच की जा रही है। कुछ मामलों में विभागों से जवाब प्राप्त हो चुके हैं, जबकि कुछ मामलों में अभी जवाब का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार, संस्कृति विभाग में द्वितीय श्रेणी के कई पदों पर हुई भर्ती को लेकर भी शिकायतें मिली हैं। यह भर्ती वर्ष 2023 में आयोजित हुई थी। आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में कुछ अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध रही और अपात्र उम्मीदवारों का चयन किया गया।
शिकायतों के चलते अब तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं किए गए हैं। यह मामला फिलहाल न्यायालय में भी विचाराधीन बताया जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया में कथित लेन-देन से जुड़े कुछ ऑडियो क्लिप भी चर्चा में हैं। जांच एजेंसियां इनकी सत्यता और संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है।
फिलहाल ईडी और अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इस मामले से कई भर्ती प्रक्रियाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।