

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-nikita-wins-first-gold-khelo-india-tribal-games-2026
रायपुर: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के चौथे दिन छत्तीसगढ़ को वेटलिफ्टिंग में स्वर्णिम सफलता मिली। शनिवार को 77 किलोग्राम महिला वर्ग में निकिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 160 किलोग्राम वजन उठाया और राज्य के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने स्नैच में 70 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 90 किलोग्राम वजन उठाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा।
ओडिशा की जानी ने कुल 126 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक और असम की जॉयश्री पाटिर ने कुल 118 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। यह छत्तीसगढ़ के लिए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के इतिहास में पहला स्वर्ण पदक है। निकिता की इस जीत ने प्रदेशभर के खिलाड़ियों को प्रेरित और उत्साहित किया है।
वहीं, कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन सरगुजा जिले के अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में शुरू हुआ। देश के 30 राज्यों से 144 खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन पुरुष फ्रीस्टाइल सीनियर 74 किलोग्राम भार वर्ग में जम्मू-कश्मीर के मुनैर हुसैन और महाराष्ट्र के विक्रम साहेबराव पवार ने फाइनल में जगह बनाई।
फ्रीस्टाइल सीनियर 125 किलोग्राम भार वर्ग में तेलंगाना के बनोथ विनोद कुमार और महाराष्ट्र के विनोद यशवंत सलकार फाइनल में भिड़ेंगे। ग्रीको रोमन सीनियर 67 किलोग्राम भार वर्ग में गुजरात के वसावा मुकेश भाई और झारखंड के अंजीतकर मुंडा, जबकि 97 किलोग्राम भार वर्ग में हिमाचल प्रदेश के नवीश कुमार और जम्मू-कश्मीर के शमा हुन फाइनल मुकाबले में होंगे।
महिला सीनियर वर्ग में 50 किलोग्राम भार वर्ग का फाइनल झारखंड की पूनम उरांव और तेलंगाना की के. गीता के बीच होगा, जबकि 62 किलोग्राम वर्ग का मुकाबला असम की देबी दैमारी और हिमाचल की प्रियंका चौधरी के बीच तय हुआ है।
निकिता की स्वर्ण जीत और कुश्ती में रोमांचक मुकाबलों ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के चौथे दिन को यादगार बना दिया।