

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-ppt-2026-online-application-polytechnic-admission
रायपुर। संचालनालय तकनीकी शिक्षा छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य के पॉलीटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली प्री-पॉलीटेक्निक टेस्ट (PPT) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
जारी जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 17 अप्रैल 2026 को शाम 5 बजे तक चलेगी। आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 18 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक सुधार का अवसर दिया जाएगा।
परीक्षा के प्रवेश पत्र 27 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है। PPT 2026 का आयोजन 7 मई 2026 (गुरुवार) को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक किया जाएगा।
यह परीक्षा राज्य के सभी 33 जिला मुख्यालयों में आयोजित होगी, जिससे अभ्यर्थियों को अपने नजदीकी परीक्षा केंद्र का चयन करने की सुविधा मिलेगी। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा।
आवेदन प्रक्रिया के दौरान परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना अनिवार्य होगा। हालांकि, छत्तीसगढ़ शासन के नियमानुसार राज्य के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने पर उनका परीक्षा शुल्क वापस कर दिया जाएगा। यह राशि उसी बैंक खाते में लौटाई जाएगी, जिससे भुगतान किया गया होगा।
अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा से संबंधित पात्रता, पाठ्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए वे नियमित रूप से व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।