

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh teerth darshan bharat gaurav train
रायपुर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन तीर्थयात्रियों को लेकर रवाना हुई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली और सभी को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

यह तीर्थयात्रा 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों शिर्डी, शनि शिंगणापुर और त्र्यंबकेश्वर पहुंचकर दर्शन करेंगे। शिर्डी में श्रद्धालु साईं बाबा के दर्शन करेंगे, जबकि शनि शिंगणापुर में शनिदेव और त्र्यंबकेश्वर में ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा।
स्टेशन पर दिखा श्रद्धालुओं में उत्साह
ट्रेन रवाना होने से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंचे। परिजनों ने भी यात्रियों को विदाई दी। ट्रेन के रवाना होने के दौरान स्टेशन पर धार्मिक माहौल नजर आया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना ऐसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो लंबे समय से तीर्थयात्रा की इच्छा रखते हैं, लेकिन आर्थिक या अन्य परिस्थितियों के कारण यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि तीर्थ दर्शन केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामाजिक जुड़ाव का अनुभव भी है।
वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा का अवसर
समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र हितग्राहियों को प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार की ओर से यात्रियों के लिए यात्रा को सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने की व्यवस्था की जाती है।
मंत्री ने तीर्थयात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने, अपनी सेहत का ध्यान रखने और यात्रा का आनंद लेने की अपील की।
ट्रेन की रवानगी के अवसर पर समाज कल्याण विभाग और रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।