

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दिपके की हिरासत से रिहाई के बाद पार्टी ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने ऐलान किया है कि वह सोमवार सुबह 10 बजे अपनी टीम के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचकर प्रदर्शन की अनुमति के लिए तारीख मांगेंगे।
आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि वह CJP के सह-संयोजक सौरव दास, कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह, वकीलों और अन्य पार्टी नेताओं के साथ पुलिस से मुलाकात करेंगे। पार्टी का कहना है कि वह जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहती है।
रांका के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को 24 घंटे के भीतर प्रदर्शन के लिए तारीख देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि तय समय में तारीख नहीं दी जाती है, तो CJP अपने स्तर पर नए प्रदर्शन का आह्वान करेगी। अब इस मामले में दिल्ली पुलिस के रुख पर नजर रहेगी।
फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर प्रतिबंध लागू हैं। वहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने की बात कही गई है। ऐसे में CJP की प्रदर्शन की मांग और पुलिस की ओर से संभावित निर्णय को अहम माना जा रहा है।
दरअसल, CJP ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। इसी मांग को लेकर पार्टी ने शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी।
प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचे CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
यह कार्रवाई दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर की गई व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधों के बीच हुई। CJP ने आरोप लगाया था कि अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थल तक पहुंचने से रोकने की कोशिश की।
अब अभिजीत दिपके की रिहाई के बाद पार्टी ने फिर से प्रदर्शन की अनुमति मांगने की तैयारी की है। सोमवार को पुलिस के साथ होने वाली मुलाकात और उसके बाद लिए जाने वाले फैसले से स्पष्ट होगा कि CJP को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए तारीख मिलती है या नहीं।