

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cspdcl-sub-engineer-job-scam-pria-deshmukh-arrested
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में सब इंजीनियर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर न्यू आदर्श नगर जोन-2 निवासी प्रिया देशमुख को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रार्थिया पायल (29), निवासी सेक्टर-7 भिलाई, ने शिकायत में बताया कि 2 अगस्त 2023 को उसकी मुलाकात महाराजा चौक स्थित एक दुकान में प्रिया देशमुख से हुई थी।
आरोप है कि प्रिया देशमुख ने उसे छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में सब इंजीनियर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके बदले 20 लाख रुपये की मांग की। प्रार्थिया ने भरोसा कर 10 लाख रुपये अग्रिम के रूप में दे दिए।
इसके बाद आरोपी महिला ने पायल की मुलाकात अपने सहयोगी रजत गुप्ता से कराई, जिसने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। नवंबर 2023 में प्रार्थिया को रायपुर सर्किट हाउस में फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया गया।
जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली, तब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने धारा 420, 467, 468 और 120(बी) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिया देशमुख को चिन्हित कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब इस मामले में अन्य आरोपियों, विशेषकर रजत गुप्ता, की तलाश कर रही है।