

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

dhamtari lightning strike kills 40 animals in dumarpali village chhattisgarh
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 40 पशुओं की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरपाली में बुधवार देर रात तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान हुआ। मृत पशुओं में 39 भेड़ें और एक बकरा शामिल हैं। घटना से राजस्थान से आए भेड़पालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान से आए भेड़पालकों ने मगरलोड विकासखंड के ग्राम डूमरपाली स्थित एक नर्सरी में अपने पशुओं के साथ अस्थायी डेरा डाल रखा था। बुधवार देर रात इलाके में तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से 39 भेड़ों और एक बकरे की मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में पशुओं के शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी आसपास के लोगों में तेजी से फैल गई। पशुपालक अपने पशुओं की मौत से सदमे में हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
वहीं, मगरलोड थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास ने बताया कि पशुओं की मौत की सूचना अभी तक थाने में नहीं मिली है। सूचना प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद प्रशासन से प्रभावित भेड़पालकों को राहत और मुआवजा देने की मांग भी उठने लगी है।