

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

dharmatri-village-protest-exhumation-converted-woman
धमतर जिले के गुहाननाला गांव में 70 वर्षीय मतांतरित महिला तितरो बाई के निधन के बाद दफनाए गए शव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। तीन फरवरी को हुई मृत्यु के बाद परिजनों ने महिला के शव को गांव में ही दफना दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए 11 दिन बाद शव को कब्र से बाहर निकालने की मांग तेज कर दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मृतका और उनका परिवार पिछले सात-आठ वर्षों से मतांतरित है और आदिवासी समाज के पारंपरिक नियमों का पालन नहीं करता। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दफनाने की सूचना उन्हें नहीं दी गई, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने पहले दुगली थाना पहुंचकर आवेदन दिया और कब्र से शव निकालने की मांग की, लेकिन उनकी मांग पर तत्काल कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को थाने के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद गांव में भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवान तैनात कर दिए हैं। देर रात तक ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उन्होंने मतांतरित परिवार को पुनः हिंदू समाज में शामिल करने की कोशिश की, लेकिन परिवार ने सहमति नहीं दी, जिससे विवाद और बढ़ गया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।