

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Shashank Chopra Threat,
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दवा कारोबारी और मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने वॉट्सऐप पर वॉइस नोट भेजकर और फोन कॉल कर कारोबारी को धमकाया। रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की चेतावनी भी दी गई।
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को शशांक चोपड़ा को वॉट्सऐप पर धमकी भरा वॉइस नोट मिला था। इसके बाद फोन कॉल के जरिए भी उन्हें डराया गया। धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने उसी दिन शाम को दुर्ग के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिवार की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने उनके घर के बाहर तीन दिनों से जवान तैनात कर रखे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस वॉट्सऐप पर मिले वॉइस नोट, धमकी भरे कॉल और संबंधित मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है। इसके अलावा अन्य डिजिटल सबूत भी जुटाए जा रहे हैं।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता से इनकार किया है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि धमकी देने वाले का वास्तव में गैंग से कोई संबंध है या उसने गैंग का नाम लेकर कारोबारी को डराने की कोशिश की है।
गौरतलब है कि शशांक चोपड़ा की फर्म मेडिकल उपकरण, जांच में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और स्वास्थ्य से जुड़े सामान की सप्लाई करती है। उनका नाम छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरण और री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था।
इस मामले में जनवरी 2025 में ACB और EOW ने केस दर्ज किया था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू की थी। जांच एजेंसियों ने खरीदी में अनियमितता और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे। इस मामले में शशांक चोपड़ा की गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि, बाद में उन्हें अलग-अलग मामलों में अदालत से जमानत मिल गई थी।
फिलहाल, 15 करोड़ की कथित फिरौती और हत्या की धमकी के मामले में पुलिस जांच जारी है।