

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Durg Sarpanch Arrest,
दुर्ग। जिले में कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाला व्हाट्सएप स्टेटस लगाने के मामले में पुलिस ने समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम को गिरफ्तार किया है। सोमवार को एसडीएम कोर्ट में पेश किए जाने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। सरपंच ने विवाद सामने आने पर सफाई दी थी कि उनके 8 साल के बेटे ने गलती से स्टेटस लगा दिया था। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव के जितेंद्र देशमुख ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि सरपंच अरुण गौतम ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आईटी एक्ट की धारा 67 समेत अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया।
एसडीएम कार्यालय ने भी भेजा था ज्ञापन
मामले में दुर्ग ग्रामीण एसडीएम कार्यालय की ओर से भी पुलिस को ज्ञापन भेजा गया था। 27 अक्टूबर 2026 को जारी इस ज्ञापन में व्हाट्सएप स्टेटस की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। 28 अक्टूबर को ज्ञापन मिलने के बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सरपंच ने बेटे की गलती बताकर दी थी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद सरपंच अरुण गौतम ने सफाई देते हुए कहा था कि उनके 8 साल के बेटे ने गलती से व्हाट्सएप पर एक मैसेज स्टेटस के रूप में लगा दिया था। जानकारी मिलते ही उन्होंने उसे हटा दिया था। सरपंच ने इस पूरे मामले को अपने खिलाफ साजिश बताते हुए विरोधियों पर आरोप भी लगाए थे।
पहले भी हो चुकी है बांड भरवाने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, अरुण गौतम के खिलाफ पहले भी बांड भरवाने की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने पर बांड जब्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। फिलहाल गिरफ्तारी के बाद सरपंच को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।