

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

durg two si suspended over bribery demand audio viral in ndps case
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वत मांगने के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस विभाग ने दो सब इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया है। पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ एसआई तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाना में पदस्थ एसआई देव लाल साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया गया है।
मामला उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी पक्ष से पैसों की मांग किए जाने की बातचीत सुनाई दे रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों अधिकारियों की मिलीभगत पाए जाने के बाद एसएसपी विजय अग्रवाल ने निलंबन की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, पुरानी भिलाई थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार महिला की बेटी जसबीर ने आरोप लगाया है कि उसकी मां को छोड़ने के लिए एसआई तुलसीराम साहू ने 50 हजार रुपये की मांग की थी। उसने दावा किया कि पहले 5 हजार रुपये दिए जा चुके थे और शेष 45 हजार रुपये देने की बात बातचीत में हुई थी।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर एसआई और महिला के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत सुनाई देती है। एक अन्य ऑडियो में महिला पुलिस पर ज्यादा मात्रा में ड्रग्स दिखाकर झूठा केस बनाने और पैसों की मांग करने का आरोप लगाती सुनाई दे रही है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि साइबर क्राइम से जुड़े कुछ लोगों ने भी उससे 2 लाख रुपये की मांग की थी। उसके अनुसार, पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है। उसने दावा किया कि बातचीत के दौरान कुछ रकम वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने की बात भी कही गई थी।
जसबीर ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए संबंधित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उसने कहा कि जिस मोबाइल फोन के आधार पर उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया था, उससे जुड़े दस्तावेज और अन्य सबूत भी उसके पास मौजूद हैं।
दुर्ग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छावनी नगर पुलिस अधीक्षक को तीन दिनों के भीतर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।