

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ed raids in cg psc scam digital evidence seized
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित पीएससी भर्ती घोटाले की जांच अब और व्यापक हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए वर्ष 2019 से 2022 तक पीएससी द्वारा आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं को शामिल कर लिया है।
बुधवार को ईडी की टीमों ने मामले से जुड़े कई प्रमुख लोगों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। जांच एजेंसी ने पूर्व पीएससी सचिव जेके ध्रुव, पूर्व आईएएस अमृत खलखो, पूर्व परीक्षा नियंत्रक और सहायक नियंत्रक गणवीर से जुड़े भिलाई और रायपुर स्थित कुल 9 ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की। यह कार्रवाई देर रात तक चली।
सूत्रों के अनुसार, ईडी को छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी ने करीब 8 लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि ईडी को इस कार्रवाई में अपेक्षाकृत आसानी हुई, क्योंकि मामले में पहले से सीबीआई द्वारा जुटाए गए दस्तावेज और साक्ष्य उपलब्ध थे।
ईडी अधिकारियों का कहना है कि 2019 से 2022 के बीच आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजों को कब्जे में लिया गया है। अब इन साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
पीएससी भर्ती घोटाले की जांच के दायरे के विस्तार से आने वाले दिनों में कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।