

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ed-team-scuffle-bharatmala-compensation-scam-raipur-abhanpur
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम के साथ धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। जांच के लिए पहुंची ईडी टीम के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई, जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम भारतमाला परियोजना से जुड़े मुआवजा घोटाले की जांच के सिलसिले में गोपाल गांधी के निवास पर पहुंची थी। इसी दौरान सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी ने अधिकारियों को गेट पर रोक लिया और विरोध जताने लगे। आरोप है कि दोनों ने ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों ने भी विरोध शुरू कर दिया, जिसके चलते हालात बिगड़ने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ईडी अधिकारियों को स्थानीय पुलिस की सहायता लेनी पड़ी। शिकायत मिलने के बाद अभनपुर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और दुर्व्यवहार का मामला दर्ज किया है।
ईडी ने सोमवार को रायपुर, अभनपुर, धमतरी और कुरूद सहित आठ ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की थी। इस दौरान करीब 66.9 लाख रुपये नकद, लगभग 37 किलो चांदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की अब फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
वहीं, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के चचेरे भाई भूपेंद्र चंद्राकर के कुरूद स्थित घर पर भी सुबह से देर रात तक पूछताछ चली। सूत्रों के मुताबिक वहां से करीब 10 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। ईडी अब भूमि अधिग्रहण से जुड़े लेनदेन और मुआवजा रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।