

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

guwahati hotel firing 5 killed property dispute accused arrested
गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी में सोमवार शाम गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई। पलटन बाजार थाना क्षेत्र के जीएस रोड स्थित बोरा सर्विस इलाके में होटल बिलास इन के पास अंधाधुंध फायरिंग से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक महिला समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। मृतकों में होटल की मालकिन और उनका बेटा भी शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, शुरुआती जांच में गोलीबारी की वजह होटल बिलास इन के लीज एग्रीमेंट से जुड़ा संपत्ति विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है।
रात करीब 9 बजे हुई फायरिंग
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में गोलीबारी हुई। घटना में 6 लोगों को गोली लगी थी, जिनमें से 5 की मौत हो गई। एक घायल का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को वारदात के करीब एक घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
लीज एग्रीमेंट से जुड़े विवाद में हुई हत्या
शुरुआती जांच में मामला होटल के लीज एग्रीमेंट से जुड़े संपत्ति विवाद का बताया जा रहा है। इसी विवाद के चलते गोलीबारी किए जाने की आशंका है। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
घटना के बाद इलाके में मची अफरातफरी
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर दी। व्यस्त बोरा सर्विस इलाके में अचानक हुई फायरिंग से लोगों के बीच दहशत फैल गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी लेने की प्रक्रिया शुरू की है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।