

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

himachal-online-betting-racket-busted-chhattisgarh-police-2026
भाटापारा/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसका संचालन हिमाचल प्रदेश के एक गांव से किया जा रहा था। इस गिरोह में छत्तीसगढ़ के 3 युवाओं सहित कुल 16 आरोपी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ लाया है। आरोपियों में पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और नेपाल के लोग भी शामिल हैं। पूरा मामला भाटापारा थाना क्षेत्र से जुड़ा है।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ, जब भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने अजय बत्रा नामक युवक को मोबाइल पर ऑनलाइन सट्टे का हिसाब-किताब करते हुए पकड़ा। उसके पास से मोबाइल फोन, 5780 रुपए नकद और सट्टे से जुड़े कई स्क्रीनशॉट मिले।
मोबाइल की तकनीकी जांच में एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसमें ‘RUVIBET’ नाम की पैनल आईडी और Branch-08, Branch-27, Branch-35 जैसे लिंक के जरिए देशभर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था।
तकनीकी इनपुट और लगातार निगरानी के बाद पुलिस टीम हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू पहुंची। यहां एक किराए के मकान में छापा मारते ही बड़ा खुलासा हुआ। अंदर कई लोग लैपटॉप, मोबाइल और आईपैड के जरिए IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा और गैंबलिंग ऑपरेट करते मिले।
मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं, जिनमें शामिल हैं।
7 लैपटॉप
2 आईपैड
48 मोबाइल फोन
30 से अधिक बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज
9 एटीएम कार्ड
इन सभी की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस इन डिवाइसों की फॉरेंसिक जांच कर रही है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर नौकरी के विज्ञापन देकर युवाओं को फंसाते थे। “वर्क फ्रॉम होम” और टेलीमार्केटिंग जॉब के नाम पर लोगों को जोड़कर उन्हें IPL सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क कुख्यात महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर संचालित हो रहा था। शुरुआती जांच में देशभर से लाखों लोगों को इस नेटवर्क से जोड़ने के संकेत मिले हैं।
गिरफ्तार 16 आरोपियों में अलग-अलग राज्यों और नेपाल के लोग शामिल हैं, जो मिलकर पूरे देश में ऑनलाइन सट्टा और गैंबलिंग का नेटवर्क चला रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। अब इस पूरे नेटवर्क की फंडिंग, बैंक ट्रांजैक्शन, डिजिटल पेमेंट चैनल और अन्य जुड़े लोगों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इस रैकेट से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।