

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-kumhari-murder-liquor-dispute
रायपुर: राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ महज 150 रुपयों की शराब को लेकर हुए विवाद में एक जीजा ने अपने ही सगे साले की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक घनश्याम यादव (30 वर्ष) और आरोपी गोपी उर्फ गोप सिंह बरिहा (45 वर्ष) दोनों महासमुंद जिले के पल्सी पानी (थाना कोमाखान) के रहने वाले थे। दोनों कुम्हारी स्थित एक ईंट भट्ठे में साथ मिलकर मजदूरी करते थे और रिश्ते में जीजा-साला थे।
विवाद की शुरुआत 8 अप्रैल को हुई, जब दोनों सिलतरा स्थित शराब भट्टी गए थे। आरोपी गोपी ने घनश्याम को 150 रुपये देकर शराब लाने भेजा था, लेकिन घनश्याम ने शराब लाकर देने के बजाय खुद ही पी ली। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हुआ था।
विवाद अगले दिन यानी 9 अप्रैल को खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, जब दोनों खारुन नदी में नहाने गए थे, तब घनश्याम शौच के लिए नदी किनारे चला गया। मौके का फायदा उठाकर पीछे से पहुंचे आरोपी गोपी ने उसे जोर से धक्का दे दिया। गिरने की वजह से घनश्याम बेहोश हो गया।
आरोपी को लगा कि घनश्याम की मौत हो चुकी है, लेकिन पकड़े जाने के डर से उसने अपने गमछे से साले का गला पूरी तरह कस दिया, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। संदेह के आधार पर जब गोपी से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।