

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

India vs Pakistan U19 Final,
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। ओमान में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से हराकर ट्रॉफी जीत ली। इस रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए अंडर-19 क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा रन चेज भी पूरा किया।
मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 337 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं अब्दुल कादिर ने महज 54 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से काव्य पटेल ने 4 और चिगुरुपति वेंकटा ने 3 विकेट हासिल किए।
शुरुआत अच्छी, लेकिन लड़खड़ा गया भारतीय मिडिल ऑर्डर
338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी हुई। सहवाग ने 58 रन बनाए, जबकि कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 रन की पारी खेली।
हालांकि इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। पाकिस्तान की शानदार गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के सामने भारतीय बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते रहे। एक समय भारत ने 252 रन पर 8 विकेट खो दिए थे और मुकाबला पाकिस्तान के पक्ष में जाता दिखाई दे रहा था।
मोहित और मनल ने पलट दिया पूरा मैच
भारत को आखिरी 51 गेंदों में जीत के लिए 86 रन की जरूरत थी। ऐसे मुश्किल वक्त में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 35 गेंदों में 57 रन की साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया।
मनल चौहान 47 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन मोहित ने हार नहीं मानी। आखिरी विकेट के लिए चिगुरुपति वेंकटा के साथ उन्होंने भारत को जीत के करीब पहुंचाया।
आखिरी ओवर में भारत को 8 रन चाहिए थे। शुरुआती पांच गेंदों पर 5 रन बने और अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन की जरूरत थी। स्ट्राइक पर मौजूद मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर शानदार चौका जड़ दिया और भारत को 1 विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी। मोहित 26 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस जीत के साथ भारत ने पिछले एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान से मिली हार का बदला भी ले लिया। मुश्किल परिस्थितियों में मोहित उल्वा और मनल चौहान की जुझारू पारियों ने टीम इंडिया को चैंपियन बना दिया।