

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahadev betting app ed 92000 crore saurabh chandrakar arrest
रायपुर। महादेव ऑनलाइन बुक बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा खुलासा किया है। ED के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक ऐप और उससे जुड़ी अन्य बेटिंग वेबसाइटों के जरिए अपराध की कमाई का अनुमान 92 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गया है। इस मामले में ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ED ने गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने उसे 7 दिन की एजेंसी कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। सौरभ 19 नवंबर तक ED की हिरासत में रहेगा।
10 हजार करोड़ से बढ़कर 92 हजार करोड़ पहुंचा आंकड़ा
ED ने अपनी पांचवीं सप्लीमेंट्री अभियोजन शिकायत में यह आंकड़ा पेश किया है। एजेंसी के अनुसार, अक्टूबर 2023 में पहली अभियोजन शिकायत दाखिल करते समय अपराध की कमाई का अनुमान करीब 10 से 11 हजार करोड़ रुपये था। लेकिन इसके बाद भी बेटिंग नेटवर्क लगातार संचालित होता रहा और इससे कमाई जारी रही।
10 सितंबर 2026 तक की जांच के आधार पर ED ने अब यह अनुमान 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताया है। आगे की जांच में Skyexchange, हरिशंकर टिबरेवाल और अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। ED का कहना है कि अलग-अलग बेटिंग प्लेटफॉर्म की जांच के बाद अपराध की कमाई का अनुमान बढ़ा है।
कोर्ट ने 7 दिन की कस्टडी दी, पूछताछ के लिए तय की शर्तें
CBI केस में न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में उसकी गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। कोर्ट में गिरफ्तारी की प्रक्रिया और कानूनी आधार को लेकर लंबी बहस हुई। अनुमति मिलने के बाद ED ने PMLA की धारा 19(1) के तहत उसे गिरफ्तार किया।
इसके बाद ED ने सात दिन की कस्टडी मांगी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। हालांकि, कोर्ट ने पूछताछ को लेकर कुछ शर्तें भी तय की हैं।
ED सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही पूछताछ कर सकेगी।
पूछताछ के दौरान सौरभ के वकील ऐसी जगह मौजूद रह सकेंगे, जहां से वे उसे देख सकें।
वकील और परिवार के सदस्य रोज शाम 5 से 5:30 बजे तक मुलाकात कर सकेंगे।
कोर्ट ने किसी भी तरह की मारपीट या शारीरिक प्रताड़ना नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
अब दूसरे बेटिंग प्लेटफॉर्म और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर पूछताछ
ED अब सौरभ चंद्राकर से महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के जरिए हुई कथित मनी लॉन्ड्रिंग, अपराध की कमाई और उससे जुड़े दूसरे बेटिंग प्लेटफॉर्म के बारे में पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और कथित तौर पर कमाई गई रकम का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 92 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के इस कथित बेटिंग नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका सामने आती है और जांच की आंच आगे किन तक पहुंचती है।