

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpeg&w=3840&q=75)
The 'Kabra' elephant, responsible for the deaths of 19 people, is now set to be captured; experts from Bilaspur have arrived to tranquilize the animal, and two 'kumki' elephants are being utilized for the operation.
अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीनों से दहशत का कारण बना कबरा हाथी अब वन विभाग के निशाने पर है। इस हाथी के हमलों में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार बढ़ते हमलों और आक्रामक व्यवहार को देखते हुए वन विभाग ने उसे ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम सरगुजा पहुंच चुकी है। वहीं, हाथी को नियंत्रित करने के अभियान में रमकोला रेस्क्यू सेंटर के दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी तीरथराज और दुर्योधन की भी मदद ली जा रही है।
कबरा हाथी ने बुधवार और गुरुवार को अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं को कुचलकर मार डाला था। पहली घटना प्रेमनगर के उमेश्वरपुर में हुई, जहां दिलासो (45) हाथी के हमले का शिकार हुई। इसके बाद उदयपुर क्षेत्र के झिरमिटी में अंतीबाई (70) की भी हाथी ने जान ले ली। इस दौरान एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद वन विभाग ने अभियान को और तेज कर दिया है। फिलहाल कबरा हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के सायर जंगल में मौजूद बताया जा रहा है। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उसे सुरक्षित तरीके से काबू में करने की कोशिश की जा रही है।
ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम उदयपुर पहुंची है। इसके अलावा रमकोला हाथी रेस्क्यू सेंटर से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी तीरथराज और दुर्योधन को विशेष वाहनों के जरिए रामगढ़ लाया गया है।शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे से वन विभाग की बड़ी टीम दोनों कुमकी हाथियों के साथ जंगल में उतरी। अभियान के तहत कबरा हाथी की लोकेशन तलाशने, उसकी गतिविधियों को समझने और उसे सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
सीसीएफ वाइल्ड लाइफ सरगुजा डॉ. प्रणव मिश्रा के मुताबिक, शुरुआत में इस हाथी को केवल रेडियो कॉलर पहनाने की अनुमति मिली थी। इसका उद्देश्य उसकी लोकेशन पर लगातार नजर रखना था। लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर दो महिलाओं की मौत की घटनाओं ने उसकी आक्रामकता को गंभीर रूप से सामने ला दिया।इसके बाद वन विभाग ने पुरानी रणनीति में बदलाव किया है। अब हाथी को ट्रैंकुलाइज कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर में स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, सरगुजा में पहले भी कुछ आक्रामक हाथियों को रेडियो कॉलर पहनाए गए थे, लेकिन कई मामलों में हाथियों ने कॉलर निकाल दिया या वह गिर गया। ऐसे में कबरा हाथी को रेस्क्यू सेंटर भेजना अधिक उपयुक्त विकल्प माना जा रहा है।
शुक्रवार को सायर बीट के खारभवना, भालू महुआ और झेरामाड़ा के आसपास करीब दो से तीन किलोमीटर के दायरे में हाथी की तलाश की गई। इसके लिए वन विभाग ने अलग-अलग आठ से दस सदस्यीय टीमें जंगल में उतारीं।हालांकि, इलाके में घनी वनस्पति और पहाड़ी भूभाग के कारण अभियान में कई बाधाएं सामने आईं। हाथी को ट्रैंकुलाइज करने के लिए विशेषज्ञों को स्पष्ट निशाना नहीं मिल सका। उसकी निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया, लेकिन पेड़ों की घनी छतरी के कारण कैमरों में हाथी की साफ तस्वीर नहीं मिल पाई।पहले दिन की कार्रवाई में वन विभाग को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन हाथी की घेराबंदी और तलाश का अभियान जारी रखा गया है।
कबरा हाथी के लगातार हमलों को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। सायर, कुदर और बसवार सहित आसपास के गांवों में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।एहतियात के तौर पर संबंधित क्षेत्र के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से सख्ती से रोका गया है। वन विभाग की टीमें लगातार इलाके में निगरानी कर रही हैं।फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता कबरा हाथी को बिना किसी अतिरिक्त जनहानि के सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज करना और उसे रमकोला रेस्क्यू सेंटर पहुंचाना है। हालांकि, घने जंगल और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यह अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।