

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Changes to the dates of 11 recruitment and entrance examinations in Chhattisgarh for 2027
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (पूर्व व्यापमं) ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली भर्ती और शैक्षणिक प्रवेश परीक्षाओं के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है। मंडल ने कुल 11 परीक्षाओं की संशोधित समय-सारिणी जारी की है। नया परीक्षा कैलेंडर 96 पेज के पीडीएफ के रूप में जारी किया गया है।
संशोधित कैलेंडर में सबसे बड़ा बदलाव समूह-4 आरक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत होने वाली यह परीक्षा पहले दिसंबर 2027 में प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे करीब नौ महीने पहले मार्च-अप्रैल 2027 में आयोजित किया जाएगा। यानी अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पहले से तय समय की तुलना में कम समय मिलेगा।
आरक्षक भर्ती की तारीख बदलने से शिक्षक भर्ती को मिली जगह
आरक्षक भर्ती परीक्षा को पहले आयोजित करने के चलते परीक्षा कैलेंडर में खाली हुई आरक्षित तारीख पर अब शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। ऐसे में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी यह बदलाव महत्वपूर्ण है।
11 प्रवेश परीक्षाओं में से 9 के दिन बदले
भर्ती परीक्षाओं के साथ ही विभिन्न व्यावसायिक और शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षाओं की तारीखों में भी बदलाव किया गया है। 15 जून 2027 तक आयोजित होने वाली कुल 11 प्रवेश परीक्षाओं में से 9 परीक्षाओं को रविवार के बजाय गुरुवार को आयोजित करने का फैसला लिया गया है। वहीं, बाकी दो परीक्षाएं रविवार को ही होंगी, लेकिन उनकी तारीखों में बदलाव किया गया है।
रविवार को राष्ट्रीय परीक्षाओं से टकराव रोकने की तैयारी
कर्मचारी चयन मंडल के संयुक्त परीक्षा नियंत्रक केदार पटेल के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर की अधिकांश प्रवेश परीक्षाएं रविवार को आयोजित होती हैं। ऐसे में राज्य की प्रवेश परीक्षाएं भी रविवार को होने पर विद्यार्थियों के सामने एक ही दिन में दो परीक्षाओं का सामना करने की स्थिति बन सकती है। इसी परेशानी को देखते हुए 15 जून तक होने वाली नौ प्रवेश परीक्षाओं को गुरुवार के दिन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से वर्ष 2027 के अंत में प्रस्तावित परीक्षाओं को यथासंभव पहले और व्यवस्थित तरीके से कराने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के आधार पर संशोधित परीक्षा कैलेंडर तैयार किया गया है।
कहां देखें नया परीक्षा कैलेंडर?
परीक्षार्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर वर्ष 2027 का संशोधित परीक्षा कैलेंडर देख सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह है कि परीक्षा की तैयारी और आगे की रणनीति बनाने से पहले नई समय-सारिणी जरूर जांच लें।