

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

india-census-2026-start-delay-covid
देश में कोरोना काल के कारण टली जनगणना प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई है। आज से अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह, दिल्ली (नई दिल्ली नगर पालिका एवं दिल्ली छावनी बोर्ड), गोवा, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम में जनगणना का पहला चरण प्रारंभ हो गया है।
वहीं, छत्तीसगढ़ में यह प्रक्रिया 16 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। जनगणना निदेशालय के अनुसार, पहले चरण में 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी जाएगी, जबकि 1 से 30 मई तक मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा।
इस चरण में घरों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाएं और परिसंपत्तियों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी दिया गया है, जिससे वे प्रगणक के आने से पहले ही ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से आयोजित की जाएगी। प्रगणक मोबाइल ऐप के जरिए सीधे डेटा संग्रह करेंगे, वहीं आम लोग भी पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह सुविधा हिंदी और अंग्रेज़ी समेत 16 भाषाओं में उपलब्ध होगी।
रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान जुटाया गया व्यक्तिगत डेटा पूरी तरह गोपनीय रहेगा। जनगणना अधिनियम की धारा 15 के तहत यह जानकारी न तो RTI के जरिए साझा की जा सकती है, न ही अदालत में साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल होगी और न ही किसी अन्य संस्था को दी जाएगी।