

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jamshedpur shooting case 4 shooters arrested in ambikapur
अंबिकापुर। झारखंड के जमशेदपुर में हुए गोलीकांड के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। अंबिकापुर की मणिपुर थाना पुलिस ने रविवार देर शाम चार संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 26 सितंबर को जमशेदपुर के बिंदल मॉल के पास चार युवकों पर हुई फायरिंग के बाद आरोपी आर्टिगा कार से फरार हुए थे।
घटना के बाद झारखंड पुलिस ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस को अलर्ट कर नाकेबंदी कराई थी। इसी दौरान अंबिकापुर पुलिस की चेकिंग में चारों संदिग्ध पकड़े गए।
बिंदल मॉल के पास 10-15 राउंड फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव के पास बिंदल मॉल स्थित है। 26 सितंबर को मॉल के पास एक रेस्टोरेंट में बैठे चार युवकों पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चार युवकों में से तीन को गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
CCTV से मिले सुराग, दो राज्यों में अलर्ट
घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी करने के साथ CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान संदिग्ध आरोपियों के वहां से फरार होने की जानकारी सामने आई।
आरोपियों के छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर भागने की आशंका को देखते हुए झारखंड पुलिस ने दोनों राज्यों की पुलिस को सूचना दी और संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए अलर्ट किया गया।
आर्टिगा कार से चार संदिग्ध पकड़े गए
इसी दौरान 27 सितंबर की देर शाम अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान एक आर्टिगा कार पहुंची। कार में चार संदिग्ध लोग सवार थे।
पुलिस ने पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद चारों को हिरासत में ले लिया। जमशेदपुर गोलीकांड से संभावित कनेक्शन की जानकारी झारखंड पुलिस को दी गई।
मेडिकल के बाद झारखंड पुलिस को सौंपने की तैयारी
चारों संदिग्धों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस की टीम अंबिकापुर पहुंच गई है। पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
मेडिकल और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद चारों संदिग्धों को झारखंड पुलिस के सुपुर्द करने की तैयारी है। इसके बाद जमशेदपुर पुलिस उनसे पूछताछ कर गोलीकांड में उनकी कथित भूमिका की जांच करेगी।
फिलहाल मामले में आगे की जांच झारखंड पुलिस द्वारा की जाएगी।