

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jangir-acb-arrests-4-officers-bribery-case
रायपुर। जांजगीर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने दो अलग‑अलग कार्रवाइयों में कुल चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए आरोपियों में नवागढ़ नगर पंचायत का एक लेखापाल और बिजली विभाग (सीएसपीडीसीएल) के तीन अधिकारी शामिल हैं। आरोपियों से कुल 43,000 रुपए की रिश्वत बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, एसीबी को भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर नवागढ़ नगर पंचायत में तैनात लेखापाल प्रकाश जायसवाल के खिलाफ कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता अब्दुल वहाब ने बताया कि उनकी फर्म द्वारा किए गए अधोसंरचना कार्यों के 2.03 लाख रुपए के भुगतान के लिए चेक जारी करने के एवज में प्रकाश जायसवाल ने 16,000 रुपए की मांग की थी। पहले ही 6,000 रुपए की रिश्वत दी जा चुकी थी। शेष 8,000 रुपए की रकम लेने के लिए एसीबी ने जाल बिछाकर लेखापाल को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई जिले के बिजली विभाग (सीएसपीडीसीएल) में हुई। शिकायतकर्ता प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर और मीटर लगाने के नाम पर विभागीय अधिकारियों ने 35,000 रुपए की मांग की थी। इस पर एसीबी ने दबिश देकर सहायक अभियंता विजय नोर्गे, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड‑1 देवेंद्र राठौर को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जा रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ यह सख्त कदम प्रशासन की शून्य‑टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। गिरफ्तार व्यक्तियों से संबंधित विस्तृत पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।