

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

japanese investors chhattisgarh jetro investment opportunities
रायपुर। जापान के साथ छत्तीसगढ़ की आर्थिक और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JETRO) ने अपनी वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और औद्योगिक अवसरों से जुड़ी जानकारी को जगह दी है। इससे भारत में निवेश की संभावनाएं तलाश रही जापानी कंपनियों तक छत्तीसगढ़ के औद्योगिक अवसरों की जानकारी पहुंचने की उम्मीद है।
JETRO की वेबसाइट पर राज्य से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होने के बाद जापानी कंपनियों को छत्तीसगढ़ में मौजूद औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश के लिए उपलब्ध भूमि और राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री की जापान यात्रा के बाद बढ़ा संवाद
यह प्रगति मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगस्त 2025 में जापान और दक्षिण कोरिया की निवेश यात्रा के दौरान स्थापित संपर्कों और उसके बाद राज्य सरकार की ओर से किए गए लगातार प्रयासों का परिणाम है। यात्रा के दौरान JETRO के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाने और जापानी कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों से जोड़ने को लेकर चर्चा हुई थी।
इसी क्रम में JETRO के प्रतिनिधिमंडल ने 28 और 29 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने नवा रायपुर के औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण कर यहां उपलब्ध अधोसंरचना और निवेश की संभावनाओं का जायजा लिया।
इलेक्ट्रॉनिक्स और फार्मा पार्क का किया दौरा
JETRO प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-22 में 120 एकड़ में विकसित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का भ्रमण किया। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) से अनुमोदित इस क्लस्टर में प्लग-एंड-प्ले फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने यहां संचालित Rezute Electronics, Arham Technologies, Amrit Meditech और Paripath Technologies जैसी इकाइयों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की।
इसके अलावा सेक्टर-22 स्थित फार्मास्युटिकल पार्क का भी दौरा किया गया। इसे मध्य भारत के बड़े फार्मा पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-5 के रेडीमेड गारमेंट पार्क और मिक्स्ड-यूज इंडस्ट्रियल पार्क का भी अवलोकन किया। यहां Aspire Pharma के प्रतिनिधियों से संवाद किया गया।
सेक्टर-22 स्थित टेक्सटाइल पार्क में प्रतिनिधिमंडल ने वस्त्र एवं परिधान निर्माण के लिए विकसित सुविधाओं की जानकारी ली।
निवेशकों के लिए सुविधाओं की भी ली जानकारी
औद्योगिक क्षेत्रों के साथ JETRO प्रतिनिधिमंडल ने नवा रायपुर में टाउनशिप विकास के लिए उपलब्ध आवासीय क्षेत्रों, स्वास्थ्य, रिटेल और सामाजिक अधोसंरचना का भी जायजा लिया। अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उनके कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाएं निवेश संबंधी निर्णयों में महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।
औद्योगिक नीति और निवेश अवसरों पर चर्चा
दौरे के दौरान JETRO प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार से मुलाकात की। बैठक में राज्य की औद्योगिक नीति, अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं और जापानी कंपनियों के लिए निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय उद्योग परिसंघ (CII), छत्तीसगढ़ चैप्टर के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की और राज्य के औद्योगिक परिदृश्य के साथ स्थानीय उद्योग जगत के दृष्टिकोण को समझा।
लगातार संवाद का मिला परिणाम
JETRO प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद भी वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने संवाद जारी रखा। वर्चुअल बैठकों और पत्राचार के माध्यम से राज्य के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों, निवेश के लिए उपलब्ध भूमि और नीतिगत प्रोत्साहनों से संबंधित जानकारी JETRO के साथ साझा की गई।
इसी लगातार संवाद के परिणामस्वरूप JETRO ने अपनी वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ की निवेश प्रोफाइल और औद्योगिक अवसरों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई है। इससे JETRO के नेटवर्क से जुड़ी जापानी कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं के बारे में सीधे जानकारी मिल सकेगी।
अब राज्य सरकार JETRO के सहयोग से छत्तीसगढ़ में निवेश में रुचि रखने वाली जापानी कंपनियों को राज्य में उपलब्ध अवसरों से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
जापान के साथ बढ़ता यह आर्थिक संवाद छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश पहुंच को विस्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार का फोकस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाए गए संपर्कों को निवेश सुविधा, लगातार संवाद और प्रभावी फॉलो-अप के जरिए दीर्घकालीन औद्योगिक साझेदारी में बदलने पर है।