

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jashpur pathalgaon 11kv electricity accident 2 labourers dead 5 injured
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान सात मजदूर 11 केवी हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का पत्थलगांव सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परमिट होने की बात कहकर काम शुरू कराने का आरोप
हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने साइड ठेकेदार रामसिंह साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों के मुताबिक, ठेकेदार मौके पर मौजूद था और उसने बिजली विभाग से काम के लिए परमिट मिलने की बात कही थी। इसके बाद मजदूरों ने पोल शिफ्टिंग का काम शुरू किया।
मजदूरों का दावा है कि काम शुरू करते ही वे 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। देखते ही देखते सात मजदूर झुलस गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया।
दो मजदूरों की मौत, पांच का इलाज जारी
हादसे में झुलसे दो मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूरों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पत्थलगांव पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
बिजली विभाग ने परमिट को लेकर दी अलग जानकारी
मामले में बिजली विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि ठेकेदार ने बिजली पोल शिफ्टिंग के लिए किसी दूसरी जगह का परमिट लिया था। विभाग के अनुसार, जिस स्थान के लिए परमिट जारी किया गया था, वहां काम नहीं किया गया और दूसरी जगह पोल शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया गया।
इसी दौरान 11 केवी लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद हादसे के लिए जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।