

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jashpur son kills mother over food dispute chhattisgarh
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने खाना देने की बात पर हुए विवाद में अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी से मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। मां को बचाने आई बहन के साथ भी उसने मारपीट की। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली की है। पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की शाम मृतका वेनेदिक्ता कुजूर के पति सुरेंद्र मिंज एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने डोडकाचौरा गए हुए थे। घर पर वेनेदिक्ता अपने बच्चों के साथ मौजूद थीं।
शराब के नशे में घर पहुंचा था बेटा
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उनका 22 वर्षीय बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने मां से खाना मांगा। इस पर मां ने उसे दिन का खाना निकालकर खाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी ने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी उठा ली और मां पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। उसने मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई बार हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई।
मां को बचाने आई बहन को भी पीटा
मां की चीख-पुकार सुनकर घर में सो रही बहन बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी डंडे से मारपीट की। इसके बाद उसने छोटे भाई को भी खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा था। 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे पति सुरेंद्र मिंज को परिचित के जरिए घटना की जानकारी मिली। वह अस्पताल पहुंचे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई।
इसके बाद पति की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में हत्या का मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। पूछताछ के दौरान उसने शराब पीकर घर आने और खाना देने की बात पर मां से विवाद होने के बाद अधजली लकड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लकड़ी भी जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने रोशन मिंज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।