

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jashpur trippy hills best adventure tourism award 2026
रायपुर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जशपुर जिले के पर्यटन क्षेत्र को महत्वपूर्ण राज्यस्तरीय पहचान मिली है। जशपुर की संस्था ‘ट्रिप्पी हिल्स’ को वर्ष 2026 का ‘सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। 27 सितंबर को रायपुर में आयोजित विश्व पर्यटन दिवस समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने ट्रिप्पी हिल्स को यह सम्मान प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (CGTTA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले संस्थानों और पर्यटन हितधारकों को सम्मानित किया गया। राज्य पर्यटन पुरस्कारों में एडवेंचर टूरिज्म सहित पर्यटन क्षेत्र की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता दी गई।
2019 से जशपुर के पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
ट्रिप्पी हिल्स की ओर से वर्ष 2019 से जशपुर की प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। संस्था ने जिले के प्राकृतिक स्थलों, जलप्रपातों, गुफाओं, जंगलों और पर्वतीय क्षेत्रों को एडवेंचर पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में पहल की है।
ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, केव एक्सप्लोरेशन, वाटर एक्टिविटीज और कैंपिंग जैसी गतिविधियों के जरिए पर्यटकों को जशपुर की प्राकृतिक खूबसूरती से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय युवाओं और समुदायों को भी जोड़ा
ट्रिप्पी हिल्स की गतिविधियों में स्थानीय युवाओं और समुदायों की भागीदारी को भी अहम हिस्सा बनाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को गाइड के रूप में प्रशिक्षण देने के साथ स्थानीय होमस्टे और पारंपरिक खान-पान को पर्यटन से जोड़ने का काम किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास हुए हैं।
संस्था की ओर से पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन को ध्यान में रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
‘जशपुर जंबूरी’ ने भी बढ़ाई पहचान
जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित ‘जशपुर जंबूरी’ जैसे एडवेंचर आधारित आयोजनों ने जिले की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक मंच दिया है। ऐसे आयोजनों के जरिए जशपुर की प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन क्षमता को प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
यह सम्मान जशपुर में पर्यटन के क्षेत्र में काम कर रहे स्थानीय युवाओं, पर्यटन उद्यमियों, गाइड्स, होमस्टे संचालकों और स्थानीय समुदायों के प्रयासों को भी प्रोत्साहन देने वाला माना जा रहा है।
‘यह सम्मान जशपुर की माटी और हमारे लोगों का है’
अवॉर्ड प्राप्त करने के बाद ट्रिप्पी हिल्स के फाउंडर एवं डायरेक्टर सौरभ सिंह ने कहा कि संस्था की शुरुआत जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया के सामने लाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्था की जमीनी स्तर पर की गई मेहनत के साथ-साथ जशपुर के स्थानीय युवाओं, गाइड्स, होमस्टे संचालकों और जिले के लोगों के प्रयासों की पहचान है।
सौरभ सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और जिला प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं ट्रिप्पी हिल्स के को-फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस पर मिला यह राज्यस्तरीय सम्मान संस्था के वर्षों के प्रयासों को नई दिशा और प्रोत्साहन देता है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास जशपुर की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय संस्कृति और समुदाय आधारित पर्यटन को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने स्थानीय युवाओं, गाइड्स और होमस्टे संचालकों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
विश्व पर्यटन दिवस 2026 पर मिला यह सम्मान जशपुर की प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को मिली महत्वपूर्ण पहचान है। इससे जिले में एडवेंचर टूरिज्म के साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी वाले पर्यटन को बढ़ावा देने और जशपुर को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।