

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jashpur-woman-murder-witchcraft-suspicion-chhattisgarh
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोना के शक और पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के पति, उसकी सौतन, देवर और देवरानी ने मिलकर उसे शराब पिलाई और फिर प्राइवेट पार्ट में लकड़ी का डंडा डालकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने शव को कंबल से ढककर छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज वारदात सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुवा की है।
जानकारी के मुताबिक 6 मार्च 2026 को गोईदी बाई अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। मृतका के भाई सहलू राम ने सन्ना थाने में सूचना दी कि उसकी बहन घर में मृत हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को महिला के शरीर और आसपास खून के निशान मिले। साथ ही प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट के निशान भी पाए गए, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की मौत प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। इससे स्पष्ट हो गया कि यह हत्या का मामला है।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की सौतन फुला बाई को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।
पुलिस को बताया गया कि गोईदी बाई के पति ठूपन राम ने दूसरी शादी फुला बाई से की थी। इसी कारण गोईदी बाई और उसकी सौतन के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
5 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर झगड़ा हुआ, जो बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद फुला बाई और ठूपन राम खेत की ओर चले गए।
बहाने से झोपड़ी में ले जाकर पिलाई शराब
कुछ देर बाद गोईदी बाई बर्तन धोने के लिए कुएं की ओर जा रही थी। तभी ठूपन राम उसे बहला-फुसलाकर पास की झोपड़ी में ले गया। वहां पहले से फुला बाई, ठूपन राम का चचेरा भाई सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई मौजूद थे।
चारों ने मिलकर गोईदी बाई को शराब पिलाई। इसी दौरान सुनील राम ने आरोप लगाया कि उसके घर में बच्चा नहीं होने और उसके पिता को कैंसर होने के पीछे गोईदी बाई का जादू-टोना जिम्मेदार है।
बाल पकड़कर पटका, फिर डंडा डालकर की हत्या
शक और गुस्से में सुनील राम ने गोईदी बाई के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद ठूपन राम और फुला बाई ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए।
इसी बीच सुरन्ती बाई ने भी आरोप लगाया कि उसके बच्चे न होने का कारण भी गोईदी बाई ही है।
इसके बाद सुनील राम और सुरन्ती बाई ने मिलकर लकड़ी का डंडा गोईदी बाई के प्राइवेट पार्ट में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव छिपाने की कोशिश
वारदात के बाद आरोपियों ने महिला के शव को बिस्तर पर रखकर कंबल से ढक दिया ताकि किसी को घटना का पता न चल सके।
हालांकि पुलिस की सख्त पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि ग्राम गट्टी महुवा में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि जादू-टोना के शक और पारिवारिक विवाद के कारण चार लोगों ने मिलकर हत्या की थी।
पुलिस ने पति ठूपन राम, उसकी दूसरी पत्नी फुला बाई, चचेरे भाई सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
6 महीने में दूसरी घटना
पुलिस के अनुसार जशपुर जिले में पिछले छह महीनों में जादू-टोना के शक में हत्या की यह दूसरी घटना है।